
नर्मदापुरम / आगामी दीपावाली त्यौहार एवं हाल ही में पटाखों तथा विस्फोटक पदार्थों के अवैध भंडारण के दौरान हुई घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में अवैध रूप से पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना सिवनी मालवा पुलिस द्वारा अनुविभागीय अधिकारी विजय राय, नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह गोंड एवं थाना प्रभारी नवीन पाण्डेय की संयुक्त टीम द्वारा बानापुरा एवं सिवनी मालवा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी अभियान के दौरान नर्मदा मंदिर चौक के पास स्थित शशि एंटरप्राइजेज के संचालक सचिन अग्रवाल के प्रतिष्ठान में दिवाली एवं अन्य आयोजनों में आतिशबाजी के लिए उपयोग किए जाने वाले पटाखों का भंडारण पाया गया। भंडारण के संबंध में मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संयुक्त टीम द्वारा पटाखे जप्त किए गए।
रहवासी एवं घनी आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों का इस प्रकार भंडारण किए जाने से आमजन के जीवन एवं सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए दुकान संचालक सचिन अग्रवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
सिवनी मालवा पुलिस की आमजन से अपील…..
सिवनी मालवा पुलिस आमजन एवं पटाखा विक्रेताओं से अपील करती है कि आगामी दिवाली त्यौहार के दौरान सुरक्षा नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन करें। रहवासी एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का अवैध अथवा असुरक्षित भंडारण न करें। बिना वैध दस्तावेजों एवं आवश्यक अनुमतियों के पटाखों का विक्रय या भंडारण करने से बचें तथा पटाखों का भंडारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

