दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से अपने परिजनों से बिछड़े दो बालकों को सकुशल खोजकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया । बालक सोमू उर्फ सौनिक पिता मोती पाल, निवासी श्रीधाम कॉलोनी, चक्कर रोड, आदमगढ़ में अकेला घूमता मिला, जिसे राहगीर मुकेश चौहान निवासी चक्कर रोड द्वारा थाना कोतवाली लाया गया। कोतवाली पुलिस स्टाफ द्वारा तत्परता से बालक के परिजनों की तलाश की गई। बालक के मामा छोटू को पहचान के उपरांत बालक को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि बालक घर से बिना बताए निकल गया था। वहीं बालक अम्मू पिता मनीष यदुवंशी निवासी ग्राम बिजुरी गुमई, जिला छिंदवाड़ा, थाना उमरेठ अपने परिजनों के साथ सेठानी घाट अस्थि विसर्जन के लिए आया था। इस दौरान बालक घाट से बिछड़कर तार अहाता क्षेत्र में पहुंच गया, जहां श्री आजाद सिरवैया को मिलने पर उनके द्वारा बालक को थाना कोतवाली लाया गया। थाने पर तत्काल बालक के परिजनों की तलाश की गई, जो सेठानी घाट पर बालक के पिता मनीष यदुवंशी एवं चाचा दिनेश यदुवंशी मिले। परिजनों द्वारा बताया गया कि स्नान व पूजा-पाठ के दौरान बालक कहीं चला गया था। पहचान की पुष्टि उपरांत बालक अम्मू को उसके पिता एवं चाचा के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुश्री कंचन सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक महेश जाट, आरक्षक कमलेश रामकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
