
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी जिला नर्मदापुरम द्वारा 26 दिसम्बर को दसवें सिख गुरू गोविंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री गोपालदास दूदानी ने बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले के पिपरिया, सोहागपुर, नर्मदापुरम, इटारसी एवं सिवनी मालवा के गुरूद्वारों में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से शब्द कीर्तन का श्रवण किया जाएगा।
कार्यक्रम जिला सह संयोजक चरणजीत सिंह ने बताया कि नर्मदापुरम के मंगलवारा घाट स्थित गुरूसिंह सभा गुरूद्वारे में शाम 4 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नपा अध्यक्ष नीतू यादव, उपाध्यक्ष अभय वर्मा सहित भाजपा जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम जिला सह संयोजक दीपक अठौत्रा ने बताया कि इटारसी के गुरूनानक पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल में सुबह 11 बजे चार साहिबजादों के शौर्य, त्याग एवं धर्मरक्षा के महान आदर्शों पर आधारित विचार, प्रस्तुतियाँ एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक आदरणीय डॉ सीतासरन शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, गुरुनानक स्कूल समिति के सदस्य, स्कूल के विद्यार्थी एवं सामाजिक जन उपस्थित रहेंगे।

