

नर्मदापुरम / भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अपने विचारों, काव्यात्मक शैली और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णय आज भी उनके मजबूत और निर्णायक नेतृत्व की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सर्वसमावेशी विकास का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। वहीं जिला कार्यालय में अटल जी के जीवन एवं उनके कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्धाटन मीसाबंदी शंभू सोनकिया व्दारा किया गया। कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के विचारों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

