दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
भोपाल मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने बुधवार को भोपाल से इटारसी तक फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग सिस्टम, कर्व एवं क्रॉसिंग पॉइंट्स की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गति प्रतिबंधों, संरक्षा मानकों एवं परिचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
इटारसी स्टेशन का किया निरीक्षण पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा
इटारसी स्टेशन पहुंचने पर डीआरएम ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। चूंकि इटारसी स्टेशन को “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है, इसलिए उन्होंने निर्माणाधीन संरचनाओं, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, वेटिंग हॉल, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर की प्रगति का मूल्यांकन किया।
इसके बाद डीआरएम ने क्रू लॉबी का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों से संरक्षा व परिचालन संबंधी चर्चाएं कीं। इस दौरान उन्होंने सेफ्टी ऑपरेशंस, ट्रेन संचालन में सावधानियां, सिग्नल पास्ड एट डेंजर की रोकथाम एवं लोको पायलटों के लिए पर्याप्त विश्राम की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। डीआरएम ने रनिंग रूम का निरीक्षण किया।
पॉइंट्समैन से चर्चा
इटारसी स्टेशन पर ट्रैक का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने ट्रैक क्रॉसिंग, इंटरलॉकिंग सिस्टम, पॉइंट्स एवं स्विचों की कार्यक्षमता को जांचा। उन्होंने मालगाड़ियों के संचालन, रेक मूवमेंट, शंटिंग प्रक्रियाओं एवं संरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान उन्होंने पॉइंट्समैन से भी बातचीत की और उनके कार्य से जुड़े संरक्षा संबंधी मुद्दों को समझा।वैगन रिपेयर शेड का निरीक्षण किया ।
इटारसी से भोपाल तक फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड की संरचना, ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग प्रणाली, ब्रिज एवं सुरक्षात्मक उपायों की समीक्षा की।

