

नर्मदापुरम / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को तहसील डोलरिया के ग्राम मिसरोद में जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनकर निराकरण की पहल की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया तथा विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद अभियान का मुख्य उद्देश्य : कलेक्टर……
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाकर नागरिकों की समस्याएं सुनना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की।
कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य, खाद्य, सहकारिता, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी एवं महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने पोषण आहार की गुणवत्ता भी स्वयं चखकर देखी।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को रोस्टर तैयार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराने के लिए कहा। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के वीएचएसएनडी कार्यक्रम के संबंध में भी नागरिकों को जानकारी दी।
विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया प्रेरित…….
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिसरोद का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों एवं योजनाओं के संबंध में चर्चा की और उन्हें अभी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करना चाहिए, ताकि भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में आसानी हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहायता करेगा।
उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव…..
शिविर में उद्यम संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों एवं युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासकीय योजनाओं के माध्यम से प्राप्त ऋण, आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय शुरू किए तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े।
उद्यमियों ने अपने व्यवसाय एवं संस्थानों की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के साथ स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
पात्र हितग्राहियों को वितरित किया योजनाओं का लाभ……
जनसंवाद शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के 5 तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 5 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित की गईं।
कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले 2 विद्यार्थियों को ई-स्कूटी प्रदान की गई।
शिविर में 96 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, 40 आभा आईडी बनाई गईं…….
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने 96 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। मलेरिया शाखा द्वारा 62 लोगों की रक्त पट्टियां बनाई गईं, जिनमें कोई भी व्यक्ति मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 आभा आईडी भी बनाई गईं। इसके साथ ही नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग ने बनाए फार्मर आईडी, समस्याओं के निराकरण के लिए मिले 24 आवेदन……
शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों की सुविधा के लिए फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। उपलब्ध विभागीय विवरण के अनुसार, कृषि विभाग द्वारा 37 फार्मर आईडी जनरेट की गईं। शिविर में विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, कृषि, पोषण, स्वास्थ्य, स्वरोजगार एवं रोजगार संबंधी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
करियर काउंसलिंग से विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन……
शिविर में करियर काउंसलिंग का आयोजन भी किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने, समस्याओं के निराकरण और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

