
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सिविल अस्पताल में संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र का स्वामी दयानंद सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भ्रमण किया।
किशोर अवस्था में होने वाले परिवर्तन के साथ उमंग केंद्र में दी जाने वाली सेवाओं को समझा। मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता प्रदर्शनी का अवलोकन कर अपने मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जाना। मानसिक स्वास्थ्य के लिए संचालित मनहित एप्लीकेशन, टेली मानस हेल्पलाइन 14416, मनकक्ष, जस्क आस्क चैटबाट आदि सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
बीएमओ डॉ. कांति बाथम ने विद्यार्थियों को उमंग में रहने के तरीके बताए। स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखते हुए स्वयं के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया। शिक्षकों एवं माता-पिता का सम्मान करते हुए अपनी क्षमता और योग्यता के अनुसार कार्य करके आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी दीपक दीक्षित ने शिक्षा एवं संस्कार का महत्व बताकर एक अच्छा नागरिक बने की सीख दी। उमंग केंद्र द्वारा दी जा रही सेवाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने मानसिक स्वास्थ्य को समझाते हुए बेहतर बनाने के तरीके सुझाए और व्यक्तिगत परामर्श दिया। मोबाइल एवं सोशल मीडिया का सदुपयोग, नशीले पदार्थों का दुरूपयोग, योग प्राणायाम आदि पर मार्गदर्शन दिया।
सीएचओ डॉ. गरिमा धनवारे ने एनीमिया, पोषण आहार, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर चर्चा की।
विद्यालय प्राचार्य मनोज सिंगवाने के मार्गदर्शन में शिक्षक प्रमोद कुशवाहा, संतोष रघुवंशी, प्रमोद रघुवंशी, पायल जलखरे, मेघा गौर, अनुराधा गौर, सिविल हास्पिटल में कार्यरत डॉ. धरा राजनेगी, डॉ. दिव्या बवाल, प्रबल शर्मा, आनंद कुशवाहा की भूमिका रही।

