नॉन-एफएक्यू स्कंद उपार्जन पर कलेक्टर नाराज
प्रबंधकों को दिए नोटिस
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम
माखन नगर एवं सेमरी हरचंद के धान उपार्जन केंद्रों महावीर वेयरहाउस, श्री रंग वेयरहाउस एवं सीडब्ल्यूसी सेमरी हरचंद का औचक निरीक्षण कलेक्टर सोनिया मीना ने गुरुवार को किया। निरीक्षण के दौरान महावीर व श्री रंग वेयरहाउस में उपार्जन संबंधी संसाधनों की कमी तथा नॉन-एफएक्यू स्कंद का उपार्जन किए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और दोनों केंद्रों के समिति प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उपार्जन केंद्र परिसर में अधिक मात्रा में धान संग्रहण पाए जाने पर भी कलेक्टर ने अप्रसन्नता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले 2 दिनों में धान की तुलाई एवं स्टेकिंग पूरी की जाए। कलेक्टर ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नॉन-एफएक्यू धान का उपार्जन न हो यह सुनिश्चित करें। इसके लिए उपार्जन प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें और अपने अधीनस्थ अमले तथा नोडल अधिकारी को भी कार्योन्मुख करें। उन्होंने स्कंद की तुलाई, हैंडलिंग एवं उपार्जन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं में गति लाने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए।

