चिह्नित गंभीर दुर्घटना स्थलों को सुधारने होंगे उपाय
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
जिले में विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 7 प्रतिशत वृद्धि हुई है ।
पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा थोटा द्वारा घटनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान देखा कि नर्मदापुरम से सिवनी मालवा तक देहात थाना क्षेत्र, डोलरिया और सिवनी मालवा में काफी संख्या में दुर्घटनाएं घटित हुई है और सिवनी मालवा कस्बे के मुख्य मार्ग पर भी दुर्घटनाओं काफी संख्या में वृद्धि हुई है ।
उक्त दुर्घटनाओं के कारणों और निदान के प्रयास हेतु गुरुवार को पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने डोलरिया, सिवनी मालवा और शिवपुर थाना क्षेत्र के दुर्घटना बहुल क्षेत्र एवं चिह्नित गंभीर दुर्घटना स्थलों का अवलोकन किया एवं घटना के तथ्यों, परिस्थितियों और सड़क की स्थिति की समीक्षा की और दुर्घटना के कारणों और सड़क सुधार की संभावना भी देखी । भ्रमण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान, एस आई खुमान पटेल, निरीक्षक सुधाकर बारस्कर, एस आई विवेक यादव और कुछ घटनाओं के विवेचक घटना स्थल पर साथ में उपस्थित रहे।
सड़क इंजीनियरिंग से होगा सुधार, किया विचार विमर्श
घटना स्थल की स्थितियों को देखते हुए घटनाओं की परिस्थितियों, दुर्घटना समय, घटना के संभावित कारणों पर विचार किया गया तथा रोकथाम के दीर्घकालिक और अल्पकालिक उपायों पर संबंधितों से चर्चा की गई। सड़क इंजीनियरिंग से संबंधित सुधार के बिंदुओं को चिन्हित किया जा कर सुधार कराने, सड़क पर गड्ढों को भरवाने , रेडियम पेंट , शोल्डर भरवाने, साइनेज लगाने, रोड लाइनिंग और ब्लाइंड स्पॉट के परिशोधन हेतु संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी से पत्र व्यवहार करने के निर्देश उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा को दिए।

