डीएसपी यातायात श्री मिश्रा, निरीक्षक उषा मरावी, निरीक्षक उइके भी रहे मौजूद
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
जिले में विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है । इसको लेकर पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा थोटा द्वारा घटनाओं की समीक्षा की गई । पाया गया कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं मुख्यतः सिवनी मालवा से पिपरिया, सांडिया से मटकुली और पुराना एन एच 69 मीनाक्षी चौक से इटारसी के मध्य घटित हो रही हैं। इन मार्गों पर ही दुर्घटनाओं में मुख्यतः वृद्धि हुई है । बुधवार को पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने माखन नगर और सोहागपुर थाना क्षेत्र के चिह्नित दुर्घटना स्थल का अवलोकन किया एवं घटना के तथ्यों, परिस्थितियों और सड़क की स्थिति की समीक्षा की ।
घटनाओं को रोकने के उपायों पर हुई चर्चा
भ्रमण के दौरान एसपी के अलावा उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक अनूप उईके, निरीक्षक ऊषा मरावी और घटना के विवेचक गण घटना स्थल पर उपस्थित रहे।
घटना स्थल की स्थितियों को देखते हुए घटनाओं की रोकथाम के दीर्घकालिक उपाय पर चर्चा की गई। सड़क इंजीनियरिंग से संबंधित बिंदुओं को चिन्हित किया जा कर सुधार, सड़क पर गड्ढों, रेडियम पेंट, शोल्डर भरवाने, साइनेज लगाने, रोड लाइनिंग और ब्लाइंड स्पॉट के परिशोधन के लिए संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी से पत्र व्यवहार करने के निर्देश डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा को दिए गए ।
गंभीर घटना स्थलों का भी लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक द्वारा बुधवार को माखन नगर और सोहागपुर की सीमा में सड़क दुर्घटना बहुल क्षेत्रों एवं कुछ गंभीर घटना के स्थलों का अवलोकन किया गया । सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सड़क निर्माण एजेंसी मप्र सड़क विकास निगम को आवश्यक सुधार हेतु आदेशानुसार पत्र लिखा जाएगा । सड़क दुर्घटनाओं में रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान, चालानी कार्यवाही के साथ सड़क सुधार हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार प्रयास जारी हैं ।

