खाद बीज का निलंबित लाइसेंस बहाली को लेकर मांगी थी रकम
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
शहर में सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने नर्मदा पुरम के उपसंचालक कृषि जे आर हेडाऊ को 40 हजार की घूस लेते हुए पकड़ा । लोकायुक्त की टीम के हत्थे उस समय उपसंचालक चढ़ गए जब वह खाद बीज विक्रेता के निलंबित लाइसेंस बहाली की लिए रुपए ले रहे थे। उन पर आरोप लगा है कि वह 1 लाख रुपए की मांग कर रहे थे लेकिन फिर बात चालीस हजार की हुई और रुपए लेते हुए पकड़ाए । लोकायुक्त की यह बड़ी कार्यवाही सोमवार दोपहर को हुई। लोकायुक्त टीम ने कार्यालय में दबिश दी और रंगे हाथों उपसंचालक को पकड़ा। बताया जाता है कि एक सेवानिवृत कर्मचारी के पुत्र ने कृषि के खाद बीज की दुकान खोली थी। उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। इसको लेकर जब भी कार्यालय पहुंचे और लाइसेंस को रिन्यू कराने की बात करते तो उनके साथ टालमटोल की जाती थी। इसके बाद मामला घूस लेने का सामने आया कि उपसंचालक द्वारा एक लाख रुपए की मांग की जा रही है। इसकी शिकायत लोकायुक्त की गई और फिर टीम ने चालीस हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया। उपसंचालक के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
फाइल को दबाकर कर रहे थे टालमटोली
खाद बीज की दुकान के संचालक का लाइसेंस जब निलंबित हो गया तो वह परेशान हो गए। उन्होंने वापस उसे रिन्यू करने के लिए कोशिश की, लेकिन कृषि विभाग द्वारा फाइल को कई दिनों तक दबा कर रखा और टालामटोली करते रहे । अधिकारी दुकानदार को परेशान कर रहे थे। बार-बार फाइल को दबा रहे थे । दस्तक करने के पैसे मांगे जा रहे थे। दुकान के संचालक ने भोपाल पहुंचकर शिकायत की फिर लोकायुक्त की टीम ने कार्यवाही की और रंगें हाथों पकड़ लिया। अब इस मामले में जल्द ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
कुछ दिन पहले पीडब्ल्यूडी में भी लोकायुक्त की टीम ने मारा था छापा
कुछ दिन पूर्व पीडब्ल्यूडी के ऑफिस में भी लोकायुक्त की टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान कर्मचारी पवन को 7 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा था। कुछ दिन बाद फिर उसी जगह पर पदस्थ कर दिया गया है जबकि नियम यह है की जो व्यक्ति रिश्वत कांड में फंसा है उसे दूसरी जगह पदस्थ किया जाता है लेकिन मिली भगत के तहत अधिकारियों ने उसे फिर से उसी जगह पर पदस्थ करवा दिया है।

