एसपी, एएसपी और एसडीओपी के निर्देशन में थाना प्रभारी ने गठित की टीम
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पिपरिया पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के चलते एक 15 वर्षीय नाबालिक को केरल से दस्तयाब किया।
4 अगस्त को थाना पिपरिया पुलिस को सूचना मिली थी कि फरियादी की 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसला कर अपहरण कर ले गया है। थाना प्रभारी पिपरिया मंगलवारा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किये गए। नवंबर में संचालित मुस्कान अभियान के तहत प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए पृथक-पृथक टीम बनाकर नाबालिग बालिका की खोजबीन शुरु की गई। थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी को बारीकी से देखा गया साथ ही नाबालिग बालिका की फोटो दिखा कर एवं तकनीकि संसाधनों का उपयोग कर तलाश की गई। इस दौरान अनुसंधान टीम को जानकारी मिली कि उक्त अपहृता को आरोपी विजय पिता ज्ञानी वंशकार उम्र 20 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती पिपरिया अपने साथ भगा कर ले गया है। तकनीकि संसाधनों द्वारा उक्त आरोपी एवं अपहृता के ऊटी, तमिलनाडू राज्य में होने की सूचना मिली जिनकी दस्तयाबी हेतु अनुसंधान टीम को तमिलनाडू रवाना किया गया किन्तु आरोपी शातिर बदमाश होने के कारण मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। विवेचना के दौरान आरोपी के कोड्डी, केरल राज्य में होने की सूचना मिलने पर अनुसंधान टीम द्वारा कोच्ची, केरल पहुंचकर नाबालिग बालिका एवं आरोपी विजय पिता ज्ञानी बंशकार उम्र 20 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती पिपरिया हाल निवासी तिरुवाडी, कोच्चि, केरल से दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल किया गया। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा के मार्गदर्शन, अति. पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पिपरिया मोहित यादव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पिपरिया (मंगलवारा) निरी. गिरीश त्रिपाठी द्वारा हमराह बल के टीम गठित कर तकनीकि संसाधनों एवं सायबर सेल के सहयोग से संपूर्ण कार्यवाही की गई। कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिपरिया मोहित यादव, थाना प्रभारी पिपरिया (मंगलवारा) निरी. गिरीश त्रिपाठी, उनि राजेन्द्र कुशवाहा, उनि मोनिका सिंह, सउनि पर्वत सिंह, सउनि बसंत ढोलेकर, प्रआर, महेन्द्र, आर. मनीष, अमरदास, मोहसीन, शिवम, हेमंत एवं म.आर. निधि तथा रवीना की सक्रिय भूमिका रही।
