एसपी, एएसपी के मार्गदर्शन और एसडीओपी के निर्देशन में हुई कार्यवाही
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जितेन्द्र पाठक के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शेयर मार्केट में इन्वेस्ट कराने के नाम पर हुई वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा किया गया है। फरियादी मोहित सिंह राजपूत निवासी मंगलमय परिसर ने 17 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरसीसी मॉल में फरियादी की मुलाकात अपचारी एवं उसकी मां कसीदा बानो से हुई थी। उक्त दोनों द्वारा अपनी प्रॉफिट बुल नामक फर्म के माध्यम से शेयर मार्केट में राशि निवेश कर प्रति माह 15 प्रतिशत प्रॉफिट देने का प्रलोभन दिया गया था। उनकी बातों में आकर फरियादी द्वारा अपचारी एवं उसकी मां को फोन पे, बैंक चेक, एन ई एफ टी आरटीजीएस एवं नगद के माध्यम से कुल 32,37,000/- की राशि दी गई थी। प्रारंभिक कुछ माह तक प्रॉफिट दिया गया, उसके बाद भुगतान बंद कर दोनों नर्मदापुरम से फरार हो गए।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अपराध क्रमांक 379/2025, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। बुधवार को अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया एवं उसकी मां कसीदा बानो को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मामले में आरोपियों को माननीय न्यायालय के आदेश से जेल दाखिल कराया गया। बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया। मुख्य भूमिका थाना प्रभारी कंचन सिंह, उनि. अनुज बघेलप्र. आर. रितेश यदुवंशी, आर. पंकज यादव, आर. रवि कुशवाह, आर. प्रतीक्षा रघुवंशी
आर. हरीश डिगरसे की रही।
