पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन में नवाचार के रुप में योजना शुरू
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
सूने घरों में चोरी पर नियंत्रण के लिए सजग प्रहरी योजना शुरू की गई है । इसके चलते लंबे समय तक घर से बाहर जाने पर कंट्रोल रूम को सूचना दी जा सकती है। जिले में हाल ही में सूने घरों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए पुलिस व्दारा विशेष कार्य-योजना “सजग प्रहरी (आपका सफर हमारी जिम्मेदारी) लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति अपने निवास स्थान से बाहर जा रहे हैं या घर लंबे समय के लिए सूना रहने वाला है, तो इसकी जानकारी तुरंत 7701052434 पर पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दें। पुलिस के व्दारा इसकी जानकारी संबंधित थाने व थाना प्रभारी को प्रेषित की जावेगी एवं सूचना कर्ता को संबंधित थाने में एक आवेदन पत्र इस आशय से प्रेषित करने की समझाईश दी जायेगी । संबंधित थाना प्रभारी के व्दारा उक्त सूने स्थान को चिन्हित करते हुए बीट पेट्रोलिंग एवं गश्त के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी। वर्तमान में यह योजना शहर नर्मदापुरम्, इटारसी, पिपरिया, सिवनी मालवा (कस्बा क्षेत्र) एवं सोहागपुर (कस्बा क्षेत्र) में प्रारम्भ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन में नवाचार के रुप में प्रारम्भ विशेष कार्ययोजना का उद्देश्य सूने घर की चोरियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित करना है।

