पहुंचे सांसद, विधायक सहित जनप्रतिनिधि
इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी संचालित करने वाला प्रथम राज्य बना मप्र
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा आज से हिल स्टेशन पचमढ़ी और मढ़ई के लिए शुरू हुई। पहली उड़ान सुबह भोपाल से मढ़ई के लिए पहुंची। जहां पर सैलानियों का गुलदस्ता देकर स्वागत सम्मान किया गया और मिठाई खिलाई। इस मौके पर हेलीपैड पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी , सांसद माया नारोलिया विधायक विजयपाल सिंह , विधायक ठाकुरदास नागवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। गौरतलब है कि मप्र के 70 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई सौगात मिली । पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा आज से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 नवंबर को राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ किया था। पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा था कि मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ प्रारंभ की जा रही है। लोक-निजी भागीदारी मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी। मध्यप्रदेश देश में इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी संचालित करने वाला प्रथम राज्य है। ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ प्रदेश में प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगी। राज्य के एडवेंचर, हेरिटेज, और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी ।
सांसद, विधायकों ने किया स्वागत
मढ़ई पहुंचते ही सैलानियों और हेलीकॉप्टर के दल का सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सांसद माया नारोलिया, विधायक विजयपाल सिंह, विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने स्वागत किया। विधायक की पहल पर बच्चों को हेलिकाप्टर पास से देखने और बैठने का अवसर प्राप्त हुआ। जन प्रतिनिधियों ने कहा कि यह हवाई सेवा मढ़ई को विश्वस्तरीय पर्यटन से जोड़ने में सहायक होगी मढ़ई को बड़े पर्यटन स्थल में शामिल करेगी।
भोपाल से मढ़ई का किराया 4000 प्रति व्यक्ति रखा गया है। हफ्ते में 5 दिन यह सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें 6 सीटे उपलब्ध होंगी।
मढ़ई में नए अध्याय के शुरुआत की गई।
सांसदों , विधायकों के प्रयासों से मिली सौगात
मढ़ई-पचमढ़ी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा से खुलेगा पर्यटन का नया द्वार खुलेंगे। सांसदों विधायकों के प्रयासों से यह सौगात मिली है। इस पहल से मढ़ई, पचमढ़ी, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और नर्मदा तट क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय होटल व्यवसाय, वाहन चालक, गाइड और हस्तशिल्प विक्रेताओं को भी रोज़गार और आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक सेक्टर में ऐसे हेलीकॉप्टर संचालित होंगे जिनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी। क्षेत्र के विधायक विजयपाल सिंह एवं पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव जी एवं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार प्रकट किया है।

