इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी संचालित करने वाला प्रथम राज्य बना मप्र
मप्र स्थापना दिवस पर हवाई पर्यटन को मिला नया आयाम
विधायक विजयपाल और ठाकुरदास नागवंशी दिखाएंगे हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर दिखाई थी हरी झंडी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
मप्र के 70 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई सौगात मिली । पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा आज से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 नवंबर को राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ किया था। पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा था कि मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ प्रारंभ की जा रही है। लोक-निजी भागीदारी मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी। मध्यप्रदेश देश में इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी संचालित करने वाला प्रथम राज्य है। ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ प्रदेश में प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगी। राज्य के एडवेंचर, हेरिटेज, और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी ।
सप्ताह में 5 दिन होगा सेवा का संचालन
‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का संचालन प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में पांच दिन किया जाएगा। सेवा संचालन के लिए सेक्टर-1 में मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन तथा सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध निष्पादित किए गए हैं। सेक्टर 1: इंदौर – उज्जैन – ओंकारेश्वर, सेक्टर 2 में भोपाल – मढ़ई – पचमढ़ी एवं सेक्टर 3 जबलपुर – बांधवगढ़ – कान्हा सेक्टरों में होगा।
विधायक विजयपाल और ठाकुरदास नागवंशी के प्रयासों से मिली सौगात
मढ़ई-पचमढ़ी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा से खुलेगा पर्यटन का नया द्वार खुलेंगे। सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह एवं पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी के संयुक्त प्रयासों से मिली यह बड़ी सौगात
विधायक विजयपाल सिंह एवं पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी सुबह 10:30 बजे मढई में हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखायेंगे। इस सेवा के शुरू होने से न केवल प्रदेश के पर्यटन को गति मिलेगी, बल्कि सोहागपुर क्षेत्र को भी पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान हासिल होगी। इस पहल से मढ़ई, पचमढ़ी, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और नर्मदा तट क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय होटल व्यवसाय, वाहन चालक, गाइड और हस्तशिल्प विक्रेताओं को भी रोज़गार और आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक सेक्टर में ऐसे हेलीकॉप्टर संचालित होंगे जिनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी। अब हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से यह इलाका राज्य के प्रमुख इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो सकेगा। सोहागपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नक्शे पर दर्ज होगा और यहां के युवाओं को नए रोजगार अवसर मिलेंगे। इस हेलीकॉप्टर सुविधा के प्रारंभ होने पर क्षेत्र के विधायक विजयपाल सिंह एवं पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव जी एवं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार प्रकट किया है।
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार, मील का पत्थर होगा साबित-विजयपाल सिंह
सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने कहामुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कदम मढ़ई और पूरे नर्मदा अंचल के लिए मील का पत्थर साबित होगा। हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी और स्थानीय लोगों की आजीविका में सुधार होगा। यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम है, जिसे अब देश-दुनिया और नज़दीक से देख सकेगी।

