नरवाई जलाने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर
अतिवृष्टि से खराब हुई फसल का मिलेगा मुआवजा , अफवाह पर न दें ध्यान
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने सिवनी मालवा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम डोलरिया एवं धरम कुंडी का भ्रमण कर नरवाई (पराली) प्रबंधन के लिए किए जा रहे उपायों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषकों के खेतों में पहुंचकर बेलर मशीन से नरवाई के बेल्स तैयार करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि किसान भाई किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। शासन द्वारा अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति का नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने तहसीलदार डोलरिया को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में नरवाई जलाने की घटना पाई जाए वहां संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया जाए। साथ ही यदि नरवाई जलाने से किसी अन्य खेत की फसल, संपत्ति अथवा पशुओं को क्षति पहुंचती है तो ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने सहज रूप से किसानों के बीच चौपाल लगाकर उनसे उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। किसान भाई नरवाई ना जलाकर उसके उचित प्रबंधन की तरफ ध्यान दें यह आज की नही अपितु भविष्य की भी आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसान शिशुपाल सिंह पटेल के नरवाई प्रबंधन के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि आपके द्वारा यह जो कदम उठाया गया है वह बहुत सकारात्मक है और क्षेत्र के किसानों को भी जागरूक करने के लिए उपयोगी साबित होगा। बेलर मशीन संचालक ने बताया कि असमय वर्षा के कारण मशीन संचालन में विलंब हुआ, किन्तु अधिकतम क्षेत्र को कवर करते हुए पराली का प्रबंधन किया जाएगा। कलेक्टर ने एसडीओ को निर्देशित किया कि वे किसानों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें नरवाई प्रबंधन की प्रक्रिया से पूर्णतः अवगत कराएं। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपनी आवश्यकताओं के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को सौंपें, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

