दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
कलेक्टर सोनिया मीना ने बांद्राभान मेला पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे, एसडीएम जय सोलंकी, डीएसपी ट्रैफिक संतोष मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ रंजीत तराम, प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर सुश्री मीना ने मेला क्षेत्र में लगी स्थानीय दुकानों का विस्तार से भ्रमण किया। उन्होंने हस्तनिर्मित बर्तनों, पारंपरिक सजावटी सामग्री, स्थानीय उत्पाद, खिलौने एवं नर्मदा तट से जुड़ी धार्मिक सामग्रियों की दुकानों पर जाकर दुकानदारों से संवाद किया। कलेक्टर ने मेला स्थल पर लगी दुकानों से खरीदारी भी को। कलेक्टर ने मेला क्षेत्र में सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। नदी में नहाने के दौरान श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग से आगे न जाने दिया जाए तथा होमगार्ड की टीम लगातार निगरानी रखे। मेला क्षेत्र में 80 होमगार्ड जवान तैनात हैं जो सतत् निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने खोया-पाया केंद्र पर पीए सिस्टम के माध्यम से स्वजनों से बिछड़े लोगों को मिलवाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ रखते हुए किसी भी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित न हो।

