दोनों पक्षों पर की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम
थाना माखननगर में गूजरवाड़ा निवासी पीयूष यादव पिता हेमराज उर्फ लल्ली यादव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके दादा स्व. मथुराप्रसाद यादव का सेहरा जंगल क्षेत्र में दो एकड़ का खेत है, जिसे परिवारजन कई वर्षों से जोतते आ रहे हैं। उक्त खेत पूर्व में सिकमी पर कलार को दिया गया था, जिसने फर्जी दस्तावेज बनाकर वह भूमि सोजन्य जैन को विक्रय कर दी थी। बाद में वर्ष 2024 में सोजन्य जैन द्वारा उक्त भूमि अक्षय तिवारी निवासी माखननगर को बेची गई। शनिवार को शिकायतकर्ता पीयूष यादव, उनके पिता हेमराज यादव, चाचा उमेश यादव एवं अन्य परिवारजन खेत पर कार्य कर रहे थे, तभी अक्षय तिवारी एवं सुनील शर्मा कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। दोनों ने शिकायतकर्ताओं के साथ झगड़ा कर गाली-गलौज की तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के दौरान अक्षय तिवारी द्वारा खेत से बाहर निकलने के उपरांत हवाई फायर कर दहशत फैलाने एवं दबाई की दुकान के शटर पर फायरिंग करने की भी सूचना प्राप्त हुई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। बल तत्काल मौके पर पहुँचा। थाना माखननगर के द्वारा आरोपी अक्षय तिवारी एवं सुनील शर्मा दोनों निवासी माखननगर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर अपराध क्रमांक 684/25 धारा 296, 115(2), 351(3), 125, 3 (5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 30 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। तथा फरियादी सुनील शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी लल्ली यादव निवासी गुजरवाड़ा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 683/25 धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है।
