

नर्मदापुरम / (प्रदीप गुप्ता) शुक्रवार को नगर परिषद माखननगर के सभाकक्ष में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह की अध्यक्षता में सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र में मार्कफेड गोदामों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से किए जा रहे खाद (डीएपी/यूरिया) वितरण की समीक्षा की। विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि खाद की वर्तमान उपलब्धता एवं भंडारण तथा कुल वितरण का गंभीरता पूर्वक अवलोकन कर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए की सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र को प्राप्त खाद आवंटन के अनुरूप डबल लॉक गोदाम एवं सहकारी समितियां के माध्यम से खाद का निर्वात वितरण सुनिश्चित किया जाए।
केंद्रों पर लगने वाली भीड़ पर असंतोष व्यक्त करते हुए विधायक विजयपाल सिंह ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए की डीएपी और यूरिया वितरण के लिए बेहतर प्रबंधन तंत्र अपनाए एवं किसानों को की जाने वाली खाद वितरण की संपूर्ण एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए जिससे केंद्र एवं गोदाम पर अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित न हो। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां एवं मार्कफेड उचित सूचना तंत्र के माध्यम से किसानों तक वितरण दिनांक एवं समय की जानकारी नियमित प्रसारित करें जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। बैठक के दौरान विधायक विजयपाल सिंह ने निर्देश दिए की खाद वितरण के दौरान संबंधित अधिकारी बिचौलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों के कारण आवश्यकता अनुरूप किसानों को खाद की आपूर्ति नहीं हो पाती है इसलिए बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए एवं किसी भी परिस्थिति में इनके माध्यम से खाद का उठाव ना हो यह भी सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अमानक खाद एवं उर्वरक के विक्रय पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग अधिक से अधिक जांच एवं निरीक्षण करें। साथ ही भंडारित उर्वरक की भी पर्याप्त जांच की जाए। बैठक के उपरांत फसल कटाई के बाद नरवाई ना जलाएं और नरवाई का करें उचित प्रबंधन की शपथ ली गई। बैठक एसडीएम श्रीमती नीता कोरी, माखन नगर तहसीलदार महेंद्र चौहान, नायब तहसीलदार अंकित मोर, ओम उपाध्याय, सीएमओ जी एस राजपूत, आरी मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, माखन नगर मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, विधायक प्रतिनिधि आकाश तिवारी, बबली पलाशर, संजय अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, महेश खंडेलवाल, इंदु मासाब सहित जिला प्रशासन, कृषि विभाग, खाद विभाग सहित किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

