जोनल अपराध अन्वेषण कार्यशाल आयोजित
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर के जिला पुलिस कंट्रोल रूम में एक दिवसीय जोनल अपराध अन्वेषण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान चारों जिलों से निरीक्षक से लेकर हेड कांस्टेबल स्तर तक के लगभग 50 अधिकारी सम्मिलित हुए। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस विवेचकों की जांच क्षमता को और अधिक सक्षम, वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाना था। कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चन्द्रशेखर सोलंकी, पुलिस उप महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन बीरेन्द्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला द्वारा किया गया। पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चन्द्रशेखर सोलंकी ने कहा, ‘वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति बदल रही है, और पुलिसिंग में भी तकनीकी हस्तक्षेप अनिवार्य हो गया है। इस कार्यशाला का उद्देश्य आप सभी को नवीनतम तकनीकों और अन्वेषण के कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करना है ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके। आपकी गुणवत्तापूर्ण विवेचना ही अपराध नियंत्रण की नींव है।”
कानूनी बारीकियों को समझना पुलिस कर्मियों के लिए अत्यंत आवश्यक
पुलिस उप महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन श्री बीरेन्द्र सिंह द्वारा कार्यशाला को विवेचना हेतु अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा, “महिला सुरक्षा, मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड जैसे गंभीर विषयों पर विशेष संवेदनशीलता और कानूनी बारीकियों को समझना पुलिस कर्मियों के लिए अत्यंत आवश्यक है इस पर विशेष बल दिया जाए।
हर साक्ष्य का सूक्ष्मता से विश्लेषण आवश्यक
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला द्वारा कार्यशाला की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा, “केवल एफआईआर दर्ज करना ही विवेचना का अंत नहीं है, बल्कि दोषसिद्धि तक हर साक्ष्य का सूक्ष्मता से विश्लेषण आवश्यक है। यह कार्यशाला विवेचकों को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध घटित अपराधों में आधुनिक संसाधनों एवं तकनीक का उपयोग करते हुए आरोपियों की पतारसी एवं त्वरित गिरफ्तारी, सायबर अपराधों के नए नए तरीकों एवं उनकी विवेचना, देश स्तर पर ऑपरेट किये जा रहे सीसीटीएनएस पर अपराध रिकॉर्ड, डिजिटल प्रक्रिया और इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम मॉड्यूल का प्रभावी उपयोग, यातायात प्रबंधन एवं दुर्घटनाओं में कमी करने में अत्यंत लाभदायक होगी साथ ही तकनीकी चुनौतियों का सामना करने और साक्ष्य-आधारित जांच को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। डीपीओ डीडीपी जिला द्वारा महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों तथा विवेचना के सामान्य एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया।
सीसीटीएनएस एवं आईसीजेएस मॉड्यूल
प्रभारी सीसीटीएनएस द्वारा अपराध रिकॉर्ड, डिजिटल प्रक्रिया और इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम मॉड्यूल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की गई। साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन एवं रोकथामः प्रभारी साइबर सेल द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन और साइबर फ्रॉड रोकने के उपायों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी उन्मूलन पर चर्चा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जीतेन्द्र पाठक, डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा एवं उपुअ पूजा लक्षकार भी उपस्थित रहे।

