यातायात पुलिस की टीम की सराहना
767 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की पहल की प्रशंसा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन की उपस्थिति में यातायात थाने एवं यातायात पुलिस कार्यालय का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी प्रयासों तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने यातायात शाखा में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान संयमित, शालीन एवं जिम्मेदार व्यवहार बनाए रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करने की समझाइश दी। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा उप पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय एवं यातायात थाने का निरीक्षण किया गया। विभिन्न शाखाओं में कार्यरत कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी ली गई।
सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट, राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत निःशुल्क उपचार योजना एवं हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की।इस दौरान जिले में विगत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 5 प्रतिशत तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु की संख्या में लगभग 19 प्रतिशत की कमी दर्ज किए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही चालानी कार्यवाही में लगभग 200 प्रतिशत तथा जुर्माना राशि में लगभग 150 प्रतिशत की वृद्धि को यातायात नियमों के प्रभावी पालन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन सकारात्मक परिणामों के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास, प्रभावी निगरानी, नियमों का पालन एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
ब्लैक स्पॉट में उल्लेखनीय कमी, यातायात टीम की सराहना
जिले में ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2021 में जिले में 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित थे, जो वर्ष 2022 में घटकर 8, वर्ष 2023 में 4 तथा वर्ष 2024 से घटकर मात्र 1 रह गया है, जिसके इस वर्ष समाप्त होने की पूर्ण संभावना है वर्तमान प्रयासों के परिणामस्वरूप आगामी समय में जिले के ब्लैक स्पॉट विहीन होने की संभावना पर पुलिस अधीक्षक ने प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने इस उल्लेखनीय सुधार के लिए उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष मिश्रा एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की तथा शेष ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए।
कुल 767 जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना
सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिलेभर में संचालित जनजागरूकता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इस वर्ष यातायात पुलिस द्वारा कुल 767 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से 221 कार्यक्रम स्कूल एवं कॉलेजों में आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।244 कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों एवं संबंधित वर्गों को CPR प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
302 अभियान ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को यातायात सुरक्षा की समझाइश देने एवं ट्रॉलियों पर रेडियम लगाने के लिए संचालित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने इन गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनजागरूकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही दुर्घटनाओं में स्थायी कमी लाई जा सकती है।
राहवीर, हिट एंड रन एवं कैशलेस उपचार योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने राहवीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना एवं सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन जनहितकारी योजनाओं के प्रति आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं सामाजिक संगठनों को अधिकाधिक जागरूक करने तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस के उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण कर उन्हें व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक सुनीता पटेल को दिए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्देश द
सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की नियमित जांच एवं वैधानिक कार्यवाही।
खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई।
मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान। कोचिंग संस्थानों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्यवाही तक सीमित न रहे, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और सड़क पर अनुशासन स्थापित करना भी सर्वोच्च प्राथमिकता हो। निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष मिश्रा, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक सुनीता पटेल, रक्षित निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी एवं सूबेदार ईशान रिछारिया सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

