
नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार गुरुवार को शासकीय आईटीआई नर्मदापुरम में जिला रोजगार कार्यालय के तत्वावधान में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना तथा देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के प्रत्यक्ष अवसर प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी नर्मदापुरम देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारी नवीन शुक्ला, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम कुमार धुर्वे, शासकीय आईटीआई के प्राचार्य सतीश कुमार मोरे, पॉलिटेक्निक प्राचार्य पी. सी. नरवरे, आर.आर. चंद्राकर, टीपीओ काजू गजभिये, टीओ राजेंद्र पटेल, श्रीमती वंदना मरावी, सुश्री दीपिका करारे एवं आयुष मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मेले में कुल 475 युवक-युवतियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया। रोजगार मेले में 18 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं 8 शासकीय विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के माध्यम से 270 युवक-युवतियों को प्राथमिकता स्तर पर चयनित किया गया। वहीं, शासन की स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस प्रकार कुल 275 युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल की गई।
मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 125 युवक-युवतियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर कैरियर चयन के उद्देश्य से कैरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। इसमें कुल 140 युवक-युवतियों को विशेषज्ञों द्वारा कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम के रोजगार प्लेसमेंट ऑफिसर श्री धर्मेश तिवारी के नेतृत्व में रोजगार मेले की संपूर्ण व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने बताया कि मेले में जिन युवक-युवतियों को कंपनियों द्वारा चयनित किया गया है, उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन कर चयन एवं आगामी प्रक्रिया की सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के युवाओं को एक ही मंच पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं शासकीय विभागों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कंपनियों एवं विभागों को आमंत्रित किया गया था। इसमें उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप, स्वरोजगार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं कैरियर मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

