बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत विविध गतिविधियाँ आयोजित
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम
शहर के शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री काजल बाथरे एवं सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में इन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष, साहस एवं जनजातीय समाज के उत्थान में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया गया। साथ ही भोपाल से प्रसारित प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। इसके साथ ही महाविद्यालय के बाल संरक्षण क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 नवंबर से 20 नवंबर तक बाल संरक्षण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। सप्ताह के प्रथम दिवस पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता से संबंधित प्रेरक स्लोगन प्रस्तुत किए। वहीं द्वितीय दिवस के अवसर पर बाल श्रम विषय पर ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्या के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय गौरव, बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा समाज में बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।

