

नर्मदापुरम / देश के प्रथम प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के निर्माता एवं बच्चों के प्रिय नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जन्म जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी द्वारा मुस्कान संस्था में एक आत्मीय एवं हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने संस्था के बच्चों के साथ समय बिताया तथा उन्हें फल एवं मिष्ठान वितरित कर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना, उनके साथ खुशियों के पल बिताना तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के बच्चों के प्रति प्रेम, स्नेह और उनके आदर्शों को याद करना रहा। इस अवसर पर बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का बच्चों के प्रति विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से जानते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का वास्तविक भविष्य हैं। जिस देश के बच्चे शिक्षित, संस्कारी और आत्मविश्वासी होंगे, उस देश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। नेहरू जी ने हमेशा बच्चों की शिक्षा, उनके अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दी। आज उनकी जयंती पर बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक अच्छा माध्यम है।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का बच्चों के प्रति प्रेम किसी से छिपा नहीं है। वे बच्चों को देश की सबसे बड़ी पूंजी और आने वाले कल की उम्मीद मानते थे। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही कल देश की बागडोर संभालेंगे और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
श्री गोस्वामी ने कहा कि बाल दिवस केवल एक आयोजन या औपचारिकता का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बच्चों को बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने में अपना योगदान दे। मुस्कान संस्था के बच्चों के बीच पहुंचकर फल एवं मिष्ठान वितरित करना और उनके साथ खुशियां साझा करना नगर कांग्रेस की एक छोटी सी पहल है। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखकर जो खुशी मिलती है, वह अनमोल है। पंडित नेहरू जी के विचारों को केवल याद करने से नहीं, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से बच्चों, युवाओं, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान की पक्षधर रही है। भविष्य में भी नगर कांग्रेस कमेटी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता अनिल रेकवार, राजेंद्र गोस्वामी, महासचिव इमरान खान राजा, शेख फारूक, नगर उपाध्यक्ष मुकेश यादव बल्ला, राजकुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, नगर प्रवक्ता मुकेश शर्मा पिंकी, मंडलम अध्यक्ष सोनू बकोरिया, अमित परदेशी, कृष्णा चौधरी, अर्जुन कुचबदिया, मुकेश चौधरी, दिनेश मासाब, वाजिद खान, पप्पी कलोशिया, शेख रमजान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी कांग्रेसजनों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।

