


नर्मदापुरम / इटारसी / वर्षों बाद विद्यालय के आँगन में मिले सहपाठी, आचार्यों के प्रति उमड़ा आदर और पुरानी स्मृतियों पर गूँजती हँसी ने पूर्व छात्र स्नेहमिलन को यादगार बना दिया। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद्, इटारसी नगर द्वारा 9 नवम्बर को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीयगंज में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सत्रों के पूर्व छात्र भैया-बहन बड़ी संख्या में सहभागी बने। देश के अनेक हिस्सों तथा विदेश में कार्यरत पूर्व छात्र भी इस अवसर पर अपने विद्यालय पहुँचे।
वर्ष 1971 में प्रारंभ हुई सरस्वती शिशु मंदिर की शैक्षिक यात्रा आज नगर के आर्यनगर, मालवीयगंज और पुरानी इटारसी स्थित तीन विद्यालयों तक विस्तृत है। पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों की परंपरा से जुड़े पूर्व छात्रों के लिए यह आयोजन विद्यालय की वर्तमान यात्रा से जुड़ने का भी अवसर बना।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रथम बैच के पूर्व छात्र अतिथि के रूप में मंचासीन हुए। इनमें आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक दिनेश जोशी, सांवरिया उद्योग समूह के संचालक उद्योगपति अशोक अग्रवाल, बंजारा रियल्टी एंड डेवलपर्स के निदेशक मुकेश श्रीवास्तव तथा एनएचएआई के परामर्शदाता एवं व्यवसायी श्रीप्रकाश भारद्वाज शामिल रहे। पूर्व प्राचार्य हरीश मालवीय की भी अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार गुरयानी, शिक्षाविद् नीलेश जैन तथा समिति सचिव एवं पूर्व छात्र कल्पेश अग्रवाल सहित अनेक पूर्व छात्रों ने आयोजन में सहभागिता की।
वर्तमान छात्र-छात्राओं ने पूर्व छात्र भैया-बहनों का तिलक लगाकर स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के उपरांत अतिथि परिचय और स्वागत सौरभ शर्मा एवं छविराज सोनी ने किया।
विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद् के संभाग प्रमुख अभिषेक तिवारी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्रसेवा के लिए विद्या भारती द्वारा किए जा रहे कार्यों, पूर्व छात्र परिषद् की गतिविधियों तथा विद्यालय की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय से प्राप्त संस्कारों को जीवन में सार्थक करते हुए पूर्व छात्रों के अनुभव, प्रतिभा और सामर्थ्य को शिक्षा, सेवा एवं समाजहित के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
स्नेहमिलन के दौरान रोचक एवं मनोरंजक गतिविधियों में पूर्व छात्रों ने उत्साह से भाग लिया। किसी ने कक्षा का यादगार प्रसंग सुनाया तो किसी ने मित्रों और आचार्यों से जुड़ी स्मृतियाँ साझा कीं। हँसी और भावुकता के बीच विद्यालय के पुराने दिन फिर जीवंत हो उठे। अल्पाहार के साथ आत्मीय बातचीत का क्रम भी चलता रहा।
आयोजन के अंतिम चरण में सभी ने अपने विद्यालय में दीप जलाकर दीपावली मनाई। पूर्व छात्रों की संगठित शक्ति का समाजहित में सार्थक उपयोग करने तथा अगले वर्ष और अधिक साथियों को जोड़कर एकत्र होने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
जर्मनी में कार्यरत पूर्व छात्र भैया अवनींद्र दुबे ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में समिति सदस्यों, विद्यालय परिवार एवं पूर्व छात्र भैया-बहनों की सक्रिय सहभागिता रही।

