

नर्मदापुरम / इटारसी में पुराने बस स्टैंड को पुनः चालू कराने और 5 मिनट के पिकअप-ड्रॉप की मांग को लेकर अब जन आंदोलन को नई दिशा दी जाएगी। धरना किंग एवं आंदोलनकारी नेता के रूप में पहचान बनाने वाले गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) के आह्वान पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के. साहू के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अब तक किए गए आंदोलनों की समीक्षा की गई। इसमें लगातार 10 दिनों तक बसों की हड़ताल, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन तथा मजदूरों, महिलाओं, बच्चियों, व्यापारियों, छात्र-छात्राओं, बस संचालकों और आम नागरिकों के साथ मिलकर किए गए बड़े संघर्ष का उल्लेख किया गया। अंत में व्यापारिक संगठनों की सहमति और समर्थन से संपूर्ण इटारसी बाजार बंद कराकर शहर की एकजुट जनभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।
इसके बाद आंदोलनकारियों द्वारा जल सत्याग्रह किया गया, जिसमें कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की पहल पर सकारात्मक चर्चा हुई और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए। लेकिन आश्वासन के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इसी को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गजानंद तिवारी के आह्वान पर इटारसी और ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को राहत दिलाने के लिए एक जनसमिति का गठन किया जाएगा। इसमें व्यापारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, अधिवक्ता एवं सभी वर्गों के लोगों को शामिल किया जाएगा। समिति के माध्यम से पुराने बस स्टैंड को पुनः चालू कराने और 5 मिनट के पिकअप-ड्रॉप की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन एवं सत्याग्रह की रणनीति बनाई जाएगी।
गजानंद तिवारी ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे इटारसी और ग्रामीण क्षेत्रों के जनमानस, गरीबों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई है। आगामी रणनीति एवं समिति के गठन की विस्तृत घोषणा जल्द की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से गजानंद तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के. साहू, राजेंद्र सिंह रज्जू तोमर, अशोक जैन, सनी चेलानी, केलू उपाध्यक्ष, पंकज राठौर, संतोष गुरयानी, बाबू चौधरी, प्रवीण गांधी, मुकेश गांधी, नेहा चावरे, हरीश अग्रवाल, बस मालिक तिवारी, योगेश मालवीय, आनंद ऊंटवार, रज्जू प्रजापति, नदीम खान, प्रदीप केवट, सुदर्शन भाट एवं शहजाद भाईजान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सबकी मांग एक है – पुराना बस स्टैंड पुनः चालू हो और जनता को कम से कम 5 मिनट का पिकअप-ड्रॉप मिले।

