

नर्मदापुरम / भाई दूज (जिसे यम द्वितीया या भ्रातृ द्वितीया भी कहा जाता है) भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक एक प्रमुख हिंदू त्योहार है। भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को मनाया जाएगा।
महत्वपूर्ण तिथियां और समय…..
===================
• द्वितीया तिथि की शुरुआत: 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे
• द्वितीया तिथि की समाप्ति: 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3:53 बजे
• तिलक करने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक
• हिंदू पंचांग के अनुसार: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि।
भाई दूज का महत्व…..
============
• दीर्घायु और सुरक्षा की कामना: इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना करती हैं।
• उपहार और सम्मान: तिलक और भोजन के बाद भाई अपनी बहनों को उपहार (भेंट) देते हैं और जीवनभर उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं।
• यम द्वितीया मान्यता: इस दिन यमुना नदी में स्नान करने और यमराज की पूजा करने का विशेष महत्व है।
पौराणिक कथा (यम और यमुना की कथा)….
====================
• पौराणिक मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव की संतान यमराज और यमुना दोनों भाई-बहन थे।
• यमुना अपने भाई यमराज से बहुत स्नेह करती थीं और उन्हें बार-बार अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन यमराज अपने व्यस्त कार्यों के कारण जा नहीं पाते थे।
• कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमुना के द्वार पर अचानक यमराज को देखकर वे अत्यंत प्रसन्न हुईं। उन्होंने भाई का भव्य आदर-सत्कार किया, उन्हें तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया।
• बहन के इस आदर और प्रेम को देखकर यमराज ने वरदान मांगने को कहा। तब यमुना ने वरदान मांगा कि आप हर वर्ष इस दिन मेरे घर आएं और जो बहन इस दिन अपने भाई का आदर-सत्कार करके उसे तिलक लगाए, उसे यम का भय न हो। यमराज ने तथास्तु कहा और तभी से भाई दूज (यम द्वितीया) का पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई।
अन्य कथा (भगवान कृष्ण और सुभद्रा)….
========================
• एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण नरकासुर राक्षस का वध करने के बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन अपनी बहन सुभद्रा से मिलने गए थे।
• सुभद्रा ने भाई श्रीकृष्ण का आरती, तिलक और मिठाई से स्वागत किया था, तभी से यह भाई-बहन के प्रेम के पर्व के रूप में मनाया जाने लगा।
यम द्वितीया एवं भ्रातृ द्वितीया (भैया दूज) की पौराणिक कथा व महिमा!
भैया दूज को भ्रातृ द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है….
शास्त्रों के अनुसार भैया दूज को यम द्वितीया भी कहते हैं। इस दिन बहनें भैया को तिलक लगाकर उन्हें लंबी उम्र का आशीष देती हैं और इस दिन मृत्यु के देवता यमराज का पूजन किया जाता है। ब्रजमंडल में इस दिन बहनें यमुना नदी में खड़े होकर भैया को तिलक लगाती हैं।
अपराह्न व्यापिनी कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भैया दूज का यह पावन पर्व मनाया जाता है।
भैया दूज का प्रमुख लक्ष्य भैया तथा बहन के पावन संबंध व प्रेमभाव की स्थापना करना है। इस दिन बहनें बेरी पूजन भी करती हैं। इस दिन बहनें भैया के स्वस्थ तथा दीर्घायु होने की मंगल कामना करके तिलक लगाती हैं। इस दिन बहनें भैया को तेल मलकर गंगा-यमुना में स्नान भी कराती हैं। यदि गंगा-यमुना में स्नान संभव न हो, तो भैया को बहन के घर स्नान करना चाहिए।
यदि बहन अपने हाथ से भैया को भोजन कराये, तो भैया की उम्र बढ़ती है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं। इस दिन बहनें अपने भैया को चावल खिलाएं। इस दिन बहन के घर भोजन करने का विशेष महत्व है। बहन चचेरी अथवा ममेरी कोई भी हो सकती है। यदि कोई बहन न हो, तो गाय, नदी आदि स्त्रीत्व पदार्थ का ध्यान करके अथवा उसके समीप बैठकर भोजन कर लेना भी शुभ माना जाता है।
इस पूजा में भैया की हथेली पर बहनें चावल का घोल भी लगाती हैं, उसके ऊपर सिन्दूर लगाकर कद्दू के फूल, पान, सुपारी, मुद्रा आदि हाथों पर रखकर धीरे-धीरे पानी हाथों पर छोड़ते हुए निम्न मंत्र बोलती हैं:
”गंगा पूजे यमुना को यमी पूजे यमराज को, सुभद्रा पूजे कृष्ण को, गंगा यमुना नीर बहे मेरे भैया की आयु बढ़े”
इसी प्रकार इस मंत्र के साथ हथेली की पूजा की जाती है…..
”सांप काटे, बाघ काटे, बिच्छू काटे जो काटे सो आज काटे”
इस तरह के शब्द इसलिए कहे जाते हैं क्योंकि ऐसी मान्यता है कि आज के दिन अगर भयंकर पशु काट भी ले, तो यमराज के दूत भैया के प्राण नहीं ले जाएंगे। कहीं-कहीं इस दिन बहनें भैया के सिर पर तिलक लगाकर उनकी आरती उतारती हैं और फिर हथेली में कलावा बांधती हैं। भैया का मुंह मीठा करने के लिए उन्हें माखन-मिस्री खिलाती हैं।
संध्या के समय बहनें यमराज के नाम से चौमुख दीया जलाकर घर के बाहर रखती हैं। इस समय ऊपर आसमान में चील उड़ता दिखाई दे, तो बहुत ही शुभ माना जाता है। इस सन्दर्भ में मान्यता यह है कि बहनें भैया की आयु के लिए जो दुआ मांग रही हैं, उसे यमराज ने कुबूल कर लिया है या चील जाकर यमराज को बहनों का संदेश सुनाएगा।
भैया दूज की कथा…..
भगवान सूर्य नारायण की दो पत्नियां थीं—देवी संज्ञा और देवी छाया। सूर्यदेव के अत्यधिक तेज के कारण जब देवी संज्ञा कुछ समय के लिए अपने मायके गईं, तब उन्होंने अपनी छाया से ‘छाया’ नामक प्रतिरूप की रचना की थी। देवी छाया की कोख से यमराज तथा यमुना का जन्म हुआ था। यमुना भैया यमराज से बड़ा स्नेह करती थी। वह उससे बराबर निवेदन करती कि इष्ट-मित्रों सहित उसके घर आकर भोजन करो। अपने कार्य में व्यस्त यमराज इस बात को टालते रहे । कार्तिक शुक्ल पक्ष का दिन आया। यमुना ने उस दिन फिर यमराज को भोजन के लिए निमंत्रण देकर, उसे अपने घर आने के लिए वचनबद्ध कर लिया।
यमराज ने सोचा कि मैं तो प्राणों को हरने वाला हूं। मुझे कोई भी अपने घर नहीं बुलाना चाहता। बहन जिस सद्भावना से मुझे बुला रही है, उसका पालन करना मेरा धर्म है। बहन के घर आते समय यमराज ने नरक में निवास करने वाले जीवों को मुक्त कर दिया। यमराज को अपने घर आया देखकर यमुना की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने स्नान कर, पूजन करके, व्यंजन परोसकर भोजन कराया। यमुना द्वारा किए गए आतिथ्य से यमराज प्रसन्न हुए और बहन को वर मांगने का आदेश दिया।
यमुना ने कहा कि “भद्र! आप प्रति वर्ष इसी दिन मेरे घर आया करो। मेरी तरह जो बहन इस दिन अपने भैया का आदर-सत्कार करके टीका करे, उसे तुम्हारा भय न रहे।
यमराज ने “तथास्तु” कहकर यमुना को अमूल्य वस्त्राभूषण दिए और यमलोक की राह पकड़ी। इसी दिन से इस पर्व की परम्परा बनी। ऐसी मान्यता है कि जो इस आतिथ्य को स्वीकार करते हैं, उन्हें यम का भय नहीं रहता। इसीलिए भैया दूज को यमराज तथा यमुना का पूजन किया जाता है। (संकलन – प्रीति चौहान)

