ग्राम पथाड़ा, बाबरी, डिमावर एवं भिलाड़िया में संयुक्त टीम ने की जांच
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर जिले में रेत खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिवनी मालवा तहसील में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पथाड़ा, बाबरी, डिमावर एवं भिलाड़िया में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रेत का अवैध उत्खनन करते हुए 6 मोटरबोट एवं एक पनडुब्बी जब्त की गई। जब्त किए गए सभी उपकरणों को पुलिस थाना शिवपुर की अभिरक्षा में रखा गया है। उक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी मालवा श्री विजय राय, तहसीलदार श्री नितिन झोड़, नायब तहसीलदार श्री हीरू कुमरे, खनिज अधिकारी श्री दिवेश मरकाम, सहायक खनि अधिकारी श्री सूचि माथुर, खनि निरीक्षक श्री बसंत पाटिल, खनिज सिपाही श्री हेमंत राज सहित होमगार्ड एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

