स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में मेजबान नर्मदापुरम एवं बैतूल जिले की टीमों के मध्य खेला जा रहा है। फाइनल मुकाबले के पहले दिन बैतूल के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बैतूल की पूरी टीम पहली पारी में 387 रन बनाकर ऑल आउट हुई। संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि फाइनल मुकाबले में बैतूल के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बैतूल के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही संयम और आक्रामकता का अच्छा संतुलन बनाते हुए नर्मदापुरम के गेंदबाजों का सामना किया। टीम की ओर से लक्ष्य वाईकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 71 रन बनाए। वहीं हेमंत नंदा ने 64 रन और रवींद्र बरसाकर ने 52 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। नर्मदापुरम की ओर से गेंदबाजी में सौरव वर्मा ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 27 ओवर की गेंदबाजी में 5 विकेट हासिल किए।मैच में अंपायर की भूमिका कुणाल पटेल एवं श्री आदित्य राजपूत ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व मनोहर बिलथरिया ने संभाला।इस अवसर पर मैदान में एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, जिला सचिव मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा, श्री रामकृष्ण चौरे, कोच नितेश राजपूत सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।

