
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में मेजबान नर्मदापुरम एवं बैतूल जिले की टीमों के मध्य खेला जा रहा है। फाइनल मुकाबले के पहले दिन बैतूल के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बैतूल की पूरी टीम पहली पारी में 387 रन बनाकर ऑल आउट हुई।
संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि फाइनल मुकाबले में बैतूल के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बैतूल के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही संयम और आक्रामकता का अच्छा संतुलन बनाते हुए नर्मदापुरम के गेंदबाजों का सामना किया। टीम की ओर से लक्ष्य वाईकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 71 रन बनाए। वहीं हेमंत नंदा ने 64 रन और रवींद्र बरसाकर ने 52 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
इसके अतिरिक्त साहिल कवाड़े ने 41 रन, सिद्धार्थ भार्गव ने 40 रन, तनिष्क सोलंकी ने 31 रन तथा छलेश बघेल ने 29 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों के सहयोग से बैतूल की टीम ने दिन के निर्धारित खेल में एक गेंद शेष रहते हुए 387 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इस प्रकार बैतूल की पहली पारी 10 विकेट के नुकसान पर समाप्त हुई। अब मुकाबले के अगले दिन नर्मदापुरम की टीम अपनी पहली पारी की बल्लेबाजी करेगी।
सौरव वर्मा की शानदार गेंदबाजी, झटके पांच विकेट….
नर्मदापुरम की ओर से गेंदबाजी में सौरव वर्मा ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 27 ओवर की गेंदबाजी में 5 विकेट हासिल किए। उन्होंने लगातार अनुशासित गेंदबाजी करते हुए बैतूल के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। वहीं गौतम बौरासी ने 2 विकेट प्राप्त किए, जबकि प्रशांत काशदे एवं विधान दुबे को 1-1 सफलता मिली। बैतूल का एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह….
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को लेकर मैदान पर क्रिकेट प्रेमियों एवं खिलाड़ियों के अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। दोनों जिलों की टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होने के कारण खिलाड़ियों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। पहले दिन बैतूल की टीम ने मजबूत स्कोर बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया है। अब सभी की निगाहें नर्मदापुरम की बल्लेबाजी पर रहेंगी।
मैच में अंपायर की भूमिका कुणाल पटेल एवं आदित्य राजपूत ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व श्री मनोहर बिलथरिया ने संभाला।
इस अवसर पर मैदान में एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, जिला सचिव मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा, रामकृष्ण चौरे, कोच नितेश राजपूत सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।

