पदोन्नति प्राप्त करने वाले 24 वनकर्मियों को किया सम्मानित
दयाराम रिपोर्टर नर्मदापुरम
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वन विभाग के मैदानी अमले के उत्साहवर्धन एवं उनके सेवाभाव को सम्मानित करने के उद्देश्य से पदोन्नति अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाल ही में वनरक्षक से वनपाल तथा वनपाल से उप वन क्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले 24 वनकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र संचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व एवं उप संचालक सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व द्वारा पदोन्नत हुए सभी कर्मचारियों की यूनिफार्म में स्टार लगाकर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की गई। अधिकारियों ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी पदोन्नति के साथ प्राप्त नवीन दायित्वों का निर्वहन और अधिक निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी पदोन्नत वनकर्मियों को उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु शुभकामनाएं दीं।

