

नर्मदापुरम / इटारसी में मध्यप्रदेश में सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुरू की गई प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब इटारसी में भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार को शहर के सभी सफाई कर्मचारी अपना काम छोड़कर जयस्तंभ चौक पर एकत्रित हुए।
दरअसल, सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदेश स्तर पर कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन 25 हजार रुपये प्रतिमाह करना, वर्षों से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका प्रथा समाप्त करना तथा मृत कर्मचारी के परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देना शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा सरकारी कर्मचारी का दर्जा, पेंशन सुविधा, समान काम का समान वेतन और समय पर वेतन भुगतान जैसी मांगें भी उठाई जा रही हैं।
प्रदेश स्तर पर मांगों को लेकर सहमति नहीं बनने के बाद 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई है। इसी कड़ी में अब इटारसी के सफाई कर्मचारी भी काम बंद कर जयस्तंभ चौक पर एकजुट हुए।
सफाई कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा उठाव प्रभावित होने की आशंका है। दीपावली जैसे त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था पर इसका असर शहरवासियों की परेशानी बढ़ा सकता है।

