
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में संपूर्ण जिले में अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना पिपरिया और थाना स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस द्वारा दिनांक 04 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 13.54 ग्राम अवैध स्मैक जप्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना पिपरिया क्षेत्र अंतर्गत, मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस के द्वारा शास्त्री वार्ड के एक खंडहर मकान के पास घेराबंदी कर संदिग्ध आरिफ पिता हबीब खान (उम्र 33 वर्ष, निवासी शास्त्री वार्ड, पिपरिया) को पकड़ा गया। आरोपी की तलाशी लेने पर पास से एक पॉलीथीन में भूरे रंग का पाउडर जो तस्दीक करने पर अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) कुल वजन 06 ग्राम होना पाया गया। जिस पर उसके विरुद्ध थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 502/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पूछताछ में आरोपी के द्वारा एक अन्य सहयोगी के बारे में बताया जो कि थाना स्टेशन रोड पिपरिया क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन पोल गोदाम के पास सुनसान इलाके में अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा था। जिसपर से थाना स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस द्वारा बताए स्थान पर दबिश देकर संदिग्ध शाहरुख उर्फ बुटना खान पिता नईम खान (उम्र 22 वर्ष, निवासी गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर) को पकड़ा। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पॉलीथीन में भूरे रंग का पाउडर जो कि तस्दीक करने पर अवैध मादक पदार्थ (स्मेक) कुल वजन 7.54 ग्राम होना पाया गया। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना स्टेशन रोड पिपरिया में अपराध क्रमांक 446/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 13.54 ग्राम अवैध मादक पदार्थ कुल कीमत 50,000 रु. जप्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) के स्त्रोतों एवं इसके क्रय-विक्रय में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के बारे में सघन पूछताछ की जा रही है। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही की जावेगी ।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिपरिया आशीष पवार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक आदित्य सेन और थाना प्रभारी स्टेशन रोड पिपरिया निरीक्षक महेन्द्र बघेल द्वारा हमराह बल के टीम गठित कर संपूर्ण कार्यवाही की गई।

