

नर्मदापुरम / टिमरनी / इंदौर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय कराटे प्रतियोगिता (17 वर्ष आयु वर्ग) में तिनका सामाजिक संस्था टिमरनी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण और 4 कांस्य सहित कुल 6 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले श्रेयांश रामटेक और सजना धुर्वे का नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है।
कोच मोना खरे के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। श्रेयांश रामटेक ने स्वर्ण पदक जीतकर गौरव विद्या निकेतन स्कूल, रहटगांव का नाम रोशन किया। वहीं सजना धुर्वे ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोडलपुर की ओर से स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसके अलावा पार्थ मेसारे (सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल, टिमरनी), शिवा अहिरवार (सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा), नेहा धुर्वे (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोडलपुर) और तिथि तिवारी (सेंट जूड्स को-एड स्कूल, छिपाबड़) ने कांस्य पदक जीते।
प्रतियोगिता में दक्ष बारी, राजवीर गौर, रिंकी टेकाम और हर्षिता राय ने भी हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि वे पदक हासिल नहीं कर सके।
इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी रामनिवास जाट, हरदा जिले के मुख्य कराटे प्रशिक्षक रितेश तिवारी तथा तिनका सामाजिक संस्था की अध्यक्ष मना मंडलेकर ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने नेशनल के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

