
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / पत्रकार संघ सिवनी मालवा के प्रतिनिधि मंडल ने क्षेत्रीय सांसद के साथ रेल मंत्री से दिल्ली में मुलाकात कर सिवनी मालवा के बानापुरा रेलवे स्टेशन पर नागपुर-भुसावल इंटरसिटी सहित अन्य रेल के शीघ्र ठहराव पर चर्चा की। जिसमें रेल मंत्री ने शीघ्र ही बानापुरा में नई रेल गाड़ियों के ठहराव की बात कही।
सिवनी मालवा के बानापुरा रेलवे स्टेशन पर रेलों के ठहराव को लेकर विगत माह से पत्रकार संघ सिवनी मालवा के बैनरतले, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और अन्य राजनीतिक दलों के लोग साथ मिलकर आवेदन, निवेदन, ज्ञापन, धरना आंदोलन के साथ ही, सांसद, महाप्रबंधक, डीआएम से मुलाकात कर रेलों के ठहराव की उचित मांग करते आ रहें हैं। जो क्षेत्र की महती आवश्यकता और जन जन की मांग हैं।
इसी कड़ी में क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी के साथ पत्रकार संघ सिवनी मालवा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार 3 नवम्बर 2026 को दिल्ली पहुचकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बानापुरा रेलवे स्टेशन पर नई रेलों के ठहराव की चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल की सभी बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए शीघ्र ही जनता के लिए नई रेल ठहराव करने की उन्होंने बात कहीं। प्रतिनिधि मंडल में पत्रकार नन्दकिशोर व्यास और सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने यह भी बताया कि कोरोना काल में क्षेत्र की सबसे लोकप्रिय रेल नागपुर-भुसावल इंटरसिटी दादा धाम एक्सप्रेस को बंद कर दिया गया। जिससे सैकड़ो क्षेत्रवासी नागपुर में अपना इलाज कराने जाते थे। अब उन गरीब लोगों को अत्यधिक किराया लगाकर और परेशानी उठाते हुए अन्य साधनों से नागपुर जाना पड़ता हैं, जो बहुत कष्टप्रद होता हैं। इसलिए नागपुर-भुसावल इंटरसिटी दादा धाम एक्सप्रेस को पुनः शीघ्र शुरू की जावे। जिस पर रेल मंत्री ने कहा कि उक्त गाड़ी भी शीघ्र हम चालू करेंगे। जिससे पुनः क्षेत्र की जनता को लाभ मिल सकेगा। रेल मंत्री वैष्णव ने ये भी कहा कि आप चिंता न करें। उक्त आश्वासन के साथ ही रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए और कहा कि शीघ्र ही पूरी जानकारी लेकर हम आपके क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी के साथ बैठकर जल्द ही मांगों को पूरा करेंगे। वहीं संसदीय क्षेत्र की अन्य मांगों को स्वीकृत करने पर क्षेत्रीय सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में रेल के विस्तार और विकास के क्षेत्र में अमूलचूल परिवर्तन हुआ हैं। वही हमारे रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने रेलवे के क्षेत्र में बिना रेल अवरोध किए निर्माण कार्य किया हैं, जो अतुलनीय हैं। सांसद ने कहा कि रेल मंत्री ने हमारी सभी बातें गंभीरतापूर्वक सुनी हैं, फिर चाहे क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों के उन्नयन का ममला हो या फिर रेलों के ठहराव की बात हो। सभी को गंभीरता पूर्वक लिया हैं। जल्द ही इसके आगामी दिनों में सार्थक परिणाम मिलेंगे। बानापुरा में रेल ठहराव निश्चित ही होगा। रेल मंत्री से मिलने वालों में क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पत्रकार संघ सिवनी मालवा अध्यक्ष नन्दकिशोर व्यास, वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील खत्री, पत्रकार संघ उपाध्यक्ष राजू राठौर, पत्रकार संघ सचिव सुरेंद्र गौर, पार्षद ईश्वर दास जमींदार, मनोनीत पार्षद कमलेश लौवंशी, बजरंग दल, विहिप नेता शिव राठौर, सहयोगीजन हरिओम राठौर, हेमंत लौवंशी शामिल रहें।

