
नर्मदापुरम / दीपावली त्योहार को देखते हुए इस बार आज गुरुवार को सराफा बाजार खुला रखने की घोषणा की गई है। आमतौर पर गुरुवार को सराफा बाजार साप्ताहिक बंद रहता है, लेकिन धनतेरस और दीपावली पर्व पर ग्राहकों को किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए एसोसिएशन ने बाजार खोलने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन अध्यक्ष गणेश सोनी ने बताया कि धनतेरस और दीपावली पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचते हैं। गुरुवार को बाजार बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी होती। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार गुरुवार को भी बाजार पूरी तरह खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी सराफा व्यापारियों से अपील की गई है कि वे गुरुवार को अपनी दुकानें खोलें, ताकि त्योहार के समय ग्राहकों को सामान के लिए भटकना न पड़े। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजार में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

