


नर्मदापुरम / जिले में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चल रहे सीवर पाइपलाइन प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच तेज हो गई है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने शहर के अलग-अलग वार्डों में सीवर पाइपलाइन डालने के उपरांत रिस्टोर (सुधार) की गई सड़कों का सघन निरीक्षण किया।
इसी क्रम में, प्रशासनिक टीम ने वार्ड क्रमांक 01, 02 और 03 का दौरा किया। इस निरीक्षण दल में तहसीलदार सुनील शर्मा और सहायक आबकारी अधिकारी अभिलाष पाठक के साथ नगरपालिका की इंजीनियर रीना गुप्ता, ऋषभ कश्यप, नागेंद्र सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन डालने के बाद बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता, मजबूती और वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही, उन्होंने सड़क पर बनाए गए चैंबरों की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्माण कार्य में मानकों का पूरा पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की अलग-अलग टीमें नगर के सभी वार्डों में नगरपालिका के दल के साथ लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत और रिस्टोरेशन का कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हो, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

