
नर्मदापुरम / 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक शुक्ला ने मां नर्मदा के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला। मां नर्मदा के प्रति उनकी गहरी आस्था देखने को मिली। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध और पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
सवाल : नर्मदापुरम में आपकी पहली प्राथमिकता क्या रहेगी?
जवाब : जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
सवाल : वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इस पर क्या रणनीति रहेगी?
जवाब : साइबर अपराधों को लेकर आमजन को जागरूक करना जरूरी है। पुलिस की साइबर सेल को सक्रिय रखते हुए ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सवाल : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आपकी क्या सोच है?
जवाब : पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम करना भी है। इसके लिए पुलिस की सक्रियता, बेहतर सूचना तंत्र और जनता के साथ संवाद को मजबूत किया जाएगा।
सवाल : आम नागरिक और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के लिए क्या प्रयास होंगे?
जवाब : आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर सहजता से पुलिस तक पहुंच सकें, इसके लिए संवाद और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस जनता की सुरक्षा और विश्वास के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

