
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू स्मृति अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में मेजबान नर्मदापुरम एवं हरदा के बीच खेला गया। मुकाबले में नर्मदापुरम की टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 254 रनों की विशाल बढ़त हासिल की और मैच अपने नाम किया।
संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि नर्मदापुरम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। नर्मदापुरम के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए हरदा की पहली पारी को 167 रनों पर समेट दिया। हरदा की ओर से संस्कार सारन ने 38, अक्षत सोलंकी ने 35 तथा ध्रुव चौरे ने 34 रनों का योगदान दिया। नर्मदापुरम की ओर से मल्हार त्रिपाठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि विधान दुबे एवं शाश्वत पाठक ने 2-2 विकेट तथा प्रशांत काशदे ने 1 विकेट हासिल किया।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक नर्मदापुरम ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए थे।
दूसरे दिन नर्मदापुरम के बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन, लगे दो शतक…
मैच के दूसरे दिन नर्मदापुरम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हरदा के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। प्रवीण यादव ने आक्रामक एवं शानदार बल्लेबाजी करते हुए 124 रनों की शतकीय पारी खेली, वहीं आरफ कुरैशी ने भी उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 115 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के शानदार शतकों की बदौलत नर्मदापुरम ने 79 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 421 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की।
इस प्रकार नर्मदापुरम को पहली पारी के आधार पर 254 रनों की विशाल बढ़त प्राप्त हुई। मैच में शेष समय में परिणाम की संभावना नहीं होने के कारण पहली पारी की बढ़त के आधार पर नर्मदापुरम को विजेता घोषित किया गया।
शानदार शतकीय पारियां खेलने वाले प्रवीण यादव एवं आरफ कुरैशी को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायर की भूमिका आदित्य राजपूत एवं हरीश हनोतिया ने निभाई, जबकि स्कोरर नितेश राजपूत रहे।
इस अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, टूर्नामेंट कॉर्डिनेटर मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।
नर्मदापुरम की इस शानदार जीत से टीम में उत्साह का माहौल रहा।

