
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / सिवनी मालवा नगर में सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत होने के कारण वर्तमान में यातायात वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद सड़क किनारे दुकान संचालकों एवं वाहन चालकों द्वारा अपने वाहनों को अव्यवस्थित एवं बेतरतीब तरीके से खड़ा किए जाने के कारण आए दिन यातायात जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मार्ग बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 31.10.2026 को दोपहर करीब 2 बजे सूचना प्राप्त हुई कि स्टेट बैंक के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन क्रमांक MP 05 ZG 5891 के चालक द्वारा अपनी बोलेरो को वन-वे मार्ग पर अत्यंत अव्यवस्थित एवं तिरछे तरीके से खड़ा कर मार्ग बाधित किया जा रहा है। उक्त वाहन के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एम्बुलेंस एवं एसडीएम महोदय का वाहन भी जाम में फंस गया, जिससे आमजन के सुगम आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
सूचना प्राप्त होते ही थाना सिवनी मालवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा वाहन चालक को वाहन हटाने की समझाइश दी गई, किंतु उसके द्वारा वाहन नहीं हटाया गया। इसके पश्चात पुलिस स्टाफ द्वारा काफी मशक्कत कर सड़क पर फंसे वाहनों को व्यवस्थित किया गया एवं यातायात जाम खुलवाया गया।
बाद में वाहन चालक के उपस्थित होने पर उसका नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम सुपर पिता रमेश परती, उम्र 24 वर्ष, निवासी बैजापुर, थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम बताया। पुलिस द्वारा उक्त बोलेरो वाहन को जप्त किया गया तथा वाहन चालक का कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने से उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की आमजन, वाहन चालकों एवं दुकान संचालकों से अपील है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था एवं वन-वे नियमों का पालन करें। वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क पर अव्यवस्थित एवं बेतरतीब तरीके से खड़ा कर आवागमन बाधित न करें।
वहीं, सड़क किनारे स्थित दुकान संचालकों से भी अनुरोध है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से करवाएं, ताकि सड़क पर अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति निर्मित न हो। सभी नागरिक यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। मार्ग बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा निरंतर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

