
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जिले में रबी फसल सीजन के दृष्टिगत नहरों में पर्याप्त जल उपलब्धता और टेल क्षेत्रों तक सुचारू रूप से पानी पहुँचाने के लिए समय-समय पर विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में वर्तमान में तवा बांध से रबी सीजन हेतु पहला पानी छोड़ा गया है, जिसे अंतिम छोर (टेल क्षेत्र) के किसानों तक बिना किसी असुविधा के पहुँचाने हेतु नहर विभाग एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से लगातार मॉनिटरिंग और गश्त की जा रही है, ताकि नहरों में कोई अनावश्यक अवरोध या व्यवधान उत्पन्न न हो सके।
इसी कड़ी में शनिवार को सिवनी मालवा क्षेत्र अंतर्गत बलाड़िया माइनर के टेल क्षेत्र का एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय एवं सिंचाई विभाग के एसडीओ श्री खातरकर द्वारा मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया गया, जहाँ नहरों की सफाई और जल प्रवाह की स्थिति का जायजा लिया गया। वर्तमान में सिवनी मालवा क्षेत्र की चारों माइनरों में पानी निर्धारित गेज के अनुसार सुचारू रूप से बह रहा है तथा किसानों को सिंचाई में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रशासन और नहर विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र का सतत भ्रमण कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

