

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में अपनी मक्का की उपज तुलवाने के लिए कृषि उपज मंडी पहुंच रहे किसानों को इन दिनों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के विश्राम के लिए मंडी परिसर में बनाया गया विश्राम गृह बंद होने के कारण किसान रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर सोने को मजबूर हैं। रात के अंधेरे में ट्रॉली पर सोते समय कई किसानों के गिरने का खतरा भी बना रहता है।
किसानों का कहना है कि उन्हें अपनी उपज की सुरक्षा के लिए रातभर जागना या ट्रॉली पर ही सोना पड़ता है। मंडी में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था होने के बावजूद किसान अपनी उपज की रखवाली खुद करने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि मंडी में तैनात सुरक्षा गार्डों का वेतन भी मंडी प्रशासन द्वारा दिया जाता है, इसके बावजूद उन्हें अपने माल की सुरक्षा की चिंता में रात ट्रॉली पर गुजारनी पड़ रही है।
किसानों ने मंडी प्रशासन से मांग की है कि किसानों के लिए बनाए गए विश्राम गृह को तत्काल खुलवाया जाए और मंडी में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि किसानों को ठंडी रातों में खुले आसमान के नीचे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सोने की मजबूरी से राहत मिल सके।

