
नर्मदापुरम / प्रतिभूति कागज कारखाना स्थित कामगार कल्याण केंद्र में सतर्कता सप्ताह के अंतर्गत स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का दो दिवसीय मेला आयोजित किया गया है। मेले का उद्घाटन अमित कुमार एजीएम और कृष्ण मोहन जेजीएम एच आर द्वारा फीता काटकर किया गया। इस मौके पर अखिलेश गुप्ता, संजय भावसार, डीजीएम(जनसंपर्क), गोविंद रघुवंशी, डीजीएम(सतर्कता), सुश्री प्रतिभा गौतम, डिप्टी मैनेजर,(एच आर), संजय उपाध्याय, महामंत्री, बीएमएस उपस्थित थे । मेले में अचार, पापड़, मुरब्बे, दीपावली की पूजन सामग्री, गौ उत्पाद, दीपक, अगरबत्ती, शहद, शुद्ध देसी घी, घर की सजावट के सामान, कपड़े तथा महिलाओं के लिए हाथों से तैयार की गई ज्वेलरी सहित अनेक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में जनसैलाब उमड़ रहा है। खास बात यह है कि मेले में महिलाओं की संख्या अधिक देखी जा रही है और वे विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी लेने के साथ खरीदारी भी कर रही हैं।
एजीएम ने की महिलाओं के हुनर की सराहना….
उद्घाटन अवसर पर एजीएम अमित कुमार ने कहा कि स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद उनके परिश्रम, हुनर और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प का परिचय देते हैं। ऐसे मेले महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने के साथ अपने परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को प्रोत्साहन देना और स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण मोहन ने भी स्वसहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहां की लोगों को स्वदेशी वस्तुएं खरीदना चाहिए। कई स्व-सहायता समूह है जिनके माध्यम से महिलाएं उत्पाद बनाती हैं, इनका उपयोग हमें करना चाहिए।
मेले में लगे कई स्टाल, उमड़ी भीड़….
मेले में प्रिया बचत समूह, मां संतोषी बचत समूह, गृह उद्योग कला स्मार्ट स्व-सहायता समूह, वैशाली गृह उद्योग, उषा गृह उद्योग, मौउली पोटली वाला स्व-सहायता समूह, मेकलसुता स्व सहायता समूह, पोटली वाला स्व-सहायता समूह ने प्रोडक्ट के स्टाल लगाए हैं । इसके साथ ही स्पाक गृह उद्योग मल्टीग्रेन आटा दलिया, सारथी फूड्स, एब्सलूट आयुर्वेद, वैशाली गृह उद्योग आंवला कैंडी, मेडिकेयर, राधिका साड़ी, खुशबू ज्वेलरी कलेक्शन, एस एस कलेक्शन, सिटी फैशन, मीना कटर आदि की स्टाल भी लगे हैं और यहां पर जमकर लोग खरीदारी भी कर रहे हैं।
इनका कहना है….
स्वदेशी अपनाएं, आत्मनिर्भरता को बढ़ाएं- श्रीमती चित्रा हरणे ।
समाजसेवी चित्रा हरणे ने कहा कि प्रतिभूति कागज कारखाने के कामगार कल्याण मेले में आयोजित दो दिवसीय स्वदेशी उत्पाद मेले का उद्देश्य महिलाओं के स्वसहायता समूहों को प्रोत्साहित करना और उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराना है। महिलाओं द्वारा घर पर हाथों से निर्मित अचार, बड़ी, पापड़ सहित अनेक घरेलू उत्पाद और स्वदेशी वस्तुएं इस मेले की खासियत हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की बात कही है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पाद खरीदें और उनका उपयोग कर महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं।

