
नर्मदापुरम / नई दिल्ली / सोमवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली स्थित समिति कक्ष क्र. 6515, जीपीओए-03 में सम्पन्न हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सहभागिता की।
यह बैठक केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता एवं उपस्थिति में आयोजित की गई, जिसमें राजभाषा हिन्दी के व्यापक प्रयोग और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने हिन्दी के प्रयोग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
उनके प्रमुख सुझाव इस प्रकार रहे ——-
1. मूल हिन्दी लेखन को प्रोत्साहन – उन्होंने कहा कि कार्यालयीन पत्राचार में अनुवाद की प्रवृत्ति को छोड़कर सीधे हिन्दी में नोटिंग और ड्राफ्टिंग को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए कर्मचारियों हेतु त्रैमासिक नकद पुरस्कार या प्रशस्ति पत्र योजना शुरू की जाए।
2. तकनीक और AI का उपयोग – सरकारी कामकाज में हिन्दी को अधिक सरल, प्रभावी और समयबद्ध बनाने के लिए नवीनतम डिजिटल उपकरणों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
3. रचनात्मकता और जनभागीदारी – हिन्दी पखवाड़े को केवल पारंपरिक प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर, महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों पर लघु फिल्म, पोस्टर और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
इस अवसर पर श्रीमती नारोलिया ने कहा कि राजभाषा हिन्दी का सम्मान और कार्यालयीन कामकाज में इसका बढ़ता प्रयोग हम सभी की प्राथमिकता है।

