

नर्मदापुरम / फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल में शानदार प्रदर्शन; अभिनव शर्मा का नेशनल लेवल पर चयन, रुद्राक्ष जोशी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड एवं चार अन्य खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर बनाई जगह।
स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल, नर्मदापुरम के विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल में विद्यालय के छह विद्यार्थियों का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि में अभिनव शर्मा ने फुटबॉल अंडर-17 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय को विशेष गौरव दिलाया। वहीं, हॉकी अंडर-17 वर्ग में रुद्राक्ष जोशी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियन रहे । इसी क्रम में अंडर-14 वर्ग में राघवेंद्र पासी का वॉलीबॉल, कार्तिक भारती एवं ध्रुव शर्मा का हॉकी तथा शिवांश पटेल का फुटबॉल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, खेल कौशल और निरंतर अभ्यास से यह उपलब्धि हासिल की है।
प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे विद्यार्थियों का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना उनके समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम का परिणाम है। खेल विद्यार्थियों को जीतने की खुशी के साथ-साथ चुनौतियों का सामना करने, टीम भावना विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।”
डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “खेलों में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और अनुशासन से प्राप्त होती है। हमारे विद्यार्थियों का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर चयन इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना सकें।”
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल का यह गौरवपूर्ण प्रदर्शन इस संकल्प को सशक्त करता है कि प्रतिभा को अवसर और मेहनत को सही दिशा मिले, तो सफलता की नई ऊँचाइयाँ हासिल की जा सकती हैं।

