दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
हर्बल पार्क स्थित नर्मदा घाट पर आयोजित होने वाले प्रतिमा विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं जनसुरक्षा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रतिमा विसर्जन वाहनों के लिए निर्धारित प्रवेश मार्ग
मालाखेड़ी एवं माखन नगर मार्ग से आने वाले वाहन
मालाखेड़ी एवं माखन नगर मार्ग से आने वाले मूर्ति विसर्जन वाहन जेल तिराहा पीपल चौक होते हुए निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। विसर्जन के बाद वापसी मार्ग विसर्जन के उपरांत वाहनों की वापसी के लिए मार्ग इस प्रकार निर्धारित रहेगा हर्बल पार्क नर्मदा घाट कलेक्ट्रेट का पिछला द्वार कलेक्ट्रेट के अंदर से कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार बाहर की ओर प्रस्थान। प्रवेश एवं वापसी मार्ग रहेगा एकांगी। कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार हर्बल पार्क से विसर्जन उपरांत वापस आने वाले वाहनों के लिए एकांगी मार्ग रहेगा। इसी प्रकार प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित प्रवेश मार्ग भी एकांगी रहेगा। इस मार्ग से केवल प्रवेश की अनुमति होगी तथा वापसी प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील है कि वे मार्ग में लगाए गए यातायात निर्देशों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
निर्धारित स्थल पर ही होगी पार्किंग
मूर्ति विसर्जन के लिए आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था हर्बल पार्क नर्मदा कुंड के पास पुलिस टेंट के पीछे की गई है। मूर्ति विसर्जन वाहनों की संख्या अधिक होने तथा नर्मदा तट स्थित पार्किंग स्थल की सीमित क्षमता को देखते हुए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे व्यक्तिगत वाहन लाने के स्थान पर सामूहिक वाहनों में ही मूर्तियां लेकर आएं। यदि किसी कारणवश व्यक्तिगत वाहन से मूर्ति लाना आवश्यक हो, तो वाहन को घाट क्षेत्र में अनावश्यक रूप से अधिक समय तक खड़ा न रखें, ताकि अन्य श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आवागमन में असुविधा न हो।
हर्बल पार्क के कृत्रिम कुंड में ही करें विसर्जन
जनसुरक्षा एवं नर्मदा नदी की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए हर्बल पार्क नर्मदा घाट पर मां नर्मदा के जल से निर्मित कृत्रिम विसर्जन कुंड की व्यवस्था की गई है। अतः सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन हर्बल पार्क स्थित निर्धारित कृत्रिम कुंड में ही करें।
