
नर्मदापुरम / चैतन्य नगर मालाखेड़ी स्थित हिन्दू पुत्र उत्सव समिति द्वारा अष्टमी के पावन अवसर पर मां भगवती की महाआरती के साथ कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया तथा श्रद्धाभाव से माता रानी की आराधना की गई। समिति की महिला सदस्यों ने माता रानी का विशेष श्रृंगार किया और श्रद्धालु अपने-अपने घरों से सुसज्जित आरती की थाल लेकर महाआरती में शामिल हुए।
इस अवसर पर पंडित संदीप शर्मा ने मां कालरात्रि की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि माता कालरात्रि अपने उपासकों को काल और संकटों से रक्षा प्रदान करती हैं। मान्यता है कि माता के नाम का स्मरण करने मात्र से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और भक्तों को भय से मुक्ति मिलती है।
समिति के अध्यक्ष हर्षित कौशल ने बताया कि अष्टमी के अवसर पर कन्या पूजन एवं कन्या भोज के माध्यम से मां भगवती के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। महाआरती के दौरान देश में अमन-चैन, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर समिति के सदस्य दीपक कौशल, हर्षित, सुयश मिश्रा, शिवम, विशाल, अभिमन्यु, अरविन्द, कपिल, शैलेंद्र, अमन, रचित, राहुल, दीपेश, अंकित, हेमंत, कुलकेश, अजय, मनोज, चेतन, केतन सहित श्रीमती संगीता मिश्रा, योगिता सिरोही, पुष्पा, जसोदा, किरण कौशल, नीति, अंजली, प्रीति, रेखा, वर्षा, नीलम, मीनाक्षी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

