दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम्।
शहर में सोमवार को अलसुबह मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा अमले के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंदगी फैलाने, सड़क पर कचरा फेंकने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 15 हजार का अर्थदंड वसूला गया। वहीं पेट्रोल पंप पर 10,000 का जुर्माना लगाया गया। अतिक्रमण दल के सदस्य शेख सिकंदर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मुल्लाजी पेट्रोल पंप परिसर के पास कचरे में आग लगाए जाने का मामला सामने आया। पर्यावरण और स्वच्छता नियमों के विरुद्ध इस गंभीर लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन पर 10,000 रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया। सीएमओ की इस सख्त कार्रवाई से शहर के दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। सड़क पर गंदगी फैलाने पर दो मोबाइल दुकानों पर 1 -1 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। अनाधिकृत रूप से कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वाले 6 फल-सब्जी ठेले चालकों से 500-500 रुपए जुर्माने के रूप में वसूले गए। सीएमओ श्री देखमुख द्वारा बताया कि यदि इसके बाद भी किसी ने खुले में कचरा फेंका या नियमों का उल्लंघन किया, तो उनके खिलाफ और अधिक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने नगर के नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से आग्रह किया है कि नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में सभी मिलकर सहयोग करें।

