
नर्मदापुरम / नवागत कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मीडिया परिचर्चा के दौरान नर्मदापुरम जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास की प्राथमिकताओं, प्रशासनिक कार्यों में सुधार और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संबंध में अपनी बात रखी। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा। इसके लिए विकास कार्यों को गति देने के साथ ही पूर्व से संचालित योजनाओं, नवाचारों और विकास गतिविधियों को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त कार्रवाई…..
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस, राजस्व, आबकारी, कृषि, खनिज सहित संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें गठित कर कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य करते हुए अवैध गतिविधियों की रोकथाम और संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिले के विकास में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण…..
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले का विकास एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें प्रशासन के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से जिले के विकास के संबंध में सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन मीडिया के साथ मिलकर जिले की प्रगति के लिए कार्य करने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि मीडिया से प्राप्त सुझावों और सकारात्मक सहयोग के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

